Greater Noida News: 40% फीस बढ़ोतरी पर दि विजडम ट्री स्कूल के खिलाफ अभिभावकों का प्रदर्शन, एफिडेविट नहीं देने का आरोप

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित दि विजडम ट्री स्कूल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। शनिवार को बड़ी संख्या में अभिभावकों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन करते हुए फीस में भारी बढ़ोतरी और प्रबंधन पर वादाखिलाफी के आरोप लगाए।
अभिभावकों का कहना है कि जिला शुल्क नियामक समिति द्वारा केवल 7.23 प्रतिशत तक फीस बढ़ाने की अनुमति दी गई थी, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने लगभग 40 प्रतिशत तक फीस बढ़ा दी। इसी मुद्दे को लेकर अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने पोस्टर लेकर स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया।
अभिभावक संघ के प्रतिनिधि वीरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रशासनिक आदेशों के बावजूद स्कूल प्रबंधन नियमों का पालन नहीं कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल की ओर से पहले बच्चों की शिक्षा और भविष्य की सुरक्षा को लेकर लिखित एफिडेविट देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई शपथपत्र साझा नहीं किया गया।
अभिभावकों ने बताया कि आयकर विभाग की कार्रवाई और स्कूल से जुड़ी खबरों के बाद बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई थी। इसी को देखते हुए स्कूल प्रबंधन से स्पष्ट आश्वासन मांगा गया था। उनका कहना है कि कई बार संपर्क करने के बावजूद स्कूल प्रशासन ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों ने जिलाधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) से मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्कूल की प्रधानाचार्य ने कहा कि फीस वृद्धि नियमों के अनुसार की गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि अभिभावकों की शिकायतों का समाधान कराया जाएगा और जिला शुल्क नियामक समिति द्वारा तय सीमा से अधिक फीस वसूले जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
अब यह मामला केवल फीस बढ़ोतरी तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि बच्चों के भविष्य, अभिभावकों के भरोसे और निजी स्कूलों की कार्यप्रणाली को लेकर भी बड़े सवाल खड़े कर रहा है।
— यूपी न्यूज़ नेटवर्क ब्यूरो रिपोर्ट