दीपिका हत्याकांड में बड़ा खुलासा: “बेटी को यातनाएं देकर छत से फेंका गया” — पिता का आरोप
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों और अंदरूनी रक्तस्राव की पुष्टि, चार आरोपी गिरफ्तार, तीन अब भी फरार
ग्रेटर नोएडा के चर्चित दीपिका नागर हत्याकांड में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों और अंदरूनी रक्तस्राव की पुष्टि के बाद अब पीड़िता के पिता ने बड़ा आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को पहले बेरहमी से प्रताड़ित किया गया और बाद में तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया।
मामले में पुलिस अब तक पति, ससुर, सास और चाचा ससुर को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि तीन आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार दीपिका के शरीर पर कई बाहरी और अंदरूनी चोटों के निशान पाए गए। रिपोर्ट में दिमाग में खून का थक्का, तिल्ली फटने और अंदरूनी रक्तस्राव जैसी गंभीर बातें सामने आई हैं। शरीर के कई हिस्सों पर गहरे चोट के निशान भी मिले हैं।
दीपिका के पिता संजय नागर ने आरोप लगाया कि दहेज में फॉर्च्यूनर कार और नकदी की मांग को लेकर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि हत्या करने के बाद दीपिका को तीसरी मंजिल से नीचे फेंका गया।
पुलिस ने अब तक पति रितिक, ससुर मनोज, सास पूनम और चाचा ससुर विनोद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं दो ननद और एक अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस की चार टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
दीपिका की आत्मा की शांति के लिए गांव में हवन और श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं शामिल हुईं। लोगों ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।

