Falta Repoll Result: पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, 1.09 लाख+ वोटों से फतह, TMC चौथे स्थान पर खिसकी

भाजपा की ऐतिहासिक बढ़त ने सबको चौंकाया
फलता विधानसभा सीट पर पुनर्मतदान के बाद हुई मतगणना में भाजपा प्रत्याशी देबांग्शु पांडा ने भारी बढ़त बनाते हुए रिकॉर्ड जीत हासिल की। निर्वाचन आयोग के अनुसार भाजपा को 1,49,666 वोट मिले, जबकि दूसरे स्थान पर रहे सीपीएम उम्मीदवार शंभू नाथ कुर्मी को 40,645 वोट प्राप्त हुए।
जीत का अंतर 1.09 लाख वोट से अधिक रहा, जिसे पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।
कांग्रेस तीसरे और TMC चौथे स्थान पर
इस चुनाव में कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही। कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुर रज्जाक मोल्ला को 10,084 वोट मिले। वहीं सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी जहांगीर खान केवल 7,783 वोटों तक सिमट गए और चौथे स्थान पर पहुंच गए।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह परिणाम बंगाल की राजनीति में बदलते समीकरणों का संकेत दे सकता है।
ईवीएम विवाद के बाद हुआ था पुनर्मतदान
फलता सीट पर पहले चरण के मतदान के दौरान ईवीएम में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं के आरोप लगे थे। भारी विवाद और विरोध के बाद निर्वाचन आयोग ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए सभी 285 बूथों पर मतदान रद्द कर दिया था।
इसके बाद 21 मई को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोबारा मतदान कराया गया।
87 प्रतिशत मतदान ने बढ़ाई थी चर्चा
पुनर्मतदान में रिकॉर्ड 87 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष चुनाव के लिए केंद्रीय बलों की 35 कंपनियां तैनात की थीं। पूरे इलाके में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे।
भारी मतदान और उसके बाद भाजपा की बड़ी जीत को लेकर पूरे पश्चिम बंगाल की नजर इस सीट पर बनी हुई थी।
राजनीतिक संदेश क्या माना जा रहा?
फलता सीट के नतीजे को भाजपा के लिए मनोवैज्ञानिक बढ़त माना जा रहा है। वहीं विपक्षी दलों के प्रदर्शन ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर टीएमसी का चौथे स्थान पर पहुंचना राजनीतिक बहस का बड़ा विषय बन गया है।