ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने जारी की आवंटन की नई दरें, ग्राम प्रधानों के कार्यकाल का आज आखिरी दिन

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आवासीय, औद्योगिक, व्यावसायिक और ग्रुप हाउसिंग भूखंडों की नई आवंटन दरें जारी कर दी हैं। प्राधिकरण बोर्ड के फैसले के अनुसार इस बार करीब चार प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई है। नई दरें लागू होने के बाद अब सभी नए आवंटन और ई-नीलामी इन्हीं दरों पर की जाएगी।
प्राधिकरण के अनुसार प्रमुख सेक्टरों अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा और स्वर्णनगरी में आवासीय भूखंडों की दरें बढ़कर ₹51,363 प्रति वर्गमीटर तक पहुंच गई हैं। वहीं सेक्टर-11, 17 और 20 में न्यूनतम दर ₹34,680 प्रति वर्गमीटर तय की गई है। व्यावसायिक भूखंडों और ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं की दरों में भी बदलाव किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला शहर के संतुलित विकास और राजस्व सुदृढ़ीकरण को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
इसी बीच जिले की 82 ग्राम पंचायतों के प्रधानों का कार्यकाल भी समाप्त हो गया है। शासनादेश के अनुसार अब निवर्तमान ग्राम प्रधान प्रशासक के रूप में सामान्य कार्यों का संचालन करेंगे। हालांकि उन्हें नीतिगत फैसले लेने का अधिकार नहीं होगा। किसी भी बड़े निर्णय के लिए जिला प्रशासन की अनुमति आवश्यक होगी।
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था नई ग्राम पंचायतों की पहली बैठक या अधिकतम छह माह की अवधि तक लागू रहेगी। पंचायत चुनाव की प्रक्रिया और पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने तक यही व्यवस्था लागू रहने की संभावना जताई जा रही है।