Twisha Sharma Case: सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान, 25 मई को होगी सुनवाई, CBI जांच की भी तैयारी

नई दिल्ली/भोपाल | UP News Network
भोपाल के चर्चित त्विषा शर्मा संदिग्ध मौत मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा मोड़ ले लिया है। देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट ने इस हाई-प्रोफाइल केस में स्वतः संज्ञान लेते हुए 25 मई को सुनवाई तय कर दी है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच इस मामले पर सुनवाई करेगी। सुप्रीम कोर्ट की एंट्री के बाद पूरे मामले में हलचल और तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने “वैवाहिक घर में युवा महिला की अप्राकृतिक मृत्यु और जांच में संभावित प्रक्रियागत विसंगतियों” को गंभीर मानते हुए स्वतः संज्ञान लिया है। यानी कोर्ट ने बिना किसी औपचारिक अपील के खुद इस मामले की सुनवाई का फैसला किया है।
आरोपी समर्थ सिंह 7 दिन की पुलिस रिमांड पर
शनिवार को भोपाल जिला अदालत में सुनवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी समर्थ सिंह की 7 दिन की रिमांड मांगी। पुलिस का कहना था कि मामले में घटनास्थल का सत्यापन, इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की जांच और अन्य अहम पूछताछ बाकी है। अदालत ने पुलिस की दलील स्वीकार करते हुए समर्थ सिंह को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस अब घटनास्थल को दोबारा रिक्रिएट कर सकती है और कई डिजिटल सबूत भी खंगाले जाएंगे।
दिल्ली AIIMS की टीम करेगी दोबारा पोस्टमार्टम
मामले में सबसे बड़ा सवाल पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर उठा था। इसी के बाद अब दिल्ली AIIMS के फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भोपाल भेजी जा रही है। डॉक्टरों की यह टीम शव का दोबारा पोस्टमार्टम करेगी और अपनी स्वतंत्र रिपोर्ट तैयार करेगी।
जानकारी के मुताबिक रिपोर्ट AIIMS फोरेंसिक विभाग के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. सुधीर गुप्ता को सौंपी जाएगी, जिसके बाद अंतिम मेडिकल निष्कर्ष सामने आएंगे।
सास गिरिबाला सिंह खुद करेंगी अदालत में पैरवी
इस केस में एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। त्विषा शर्मा की सास और पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह अब खुद अदालत में अपना पक्ष रखेंगी। उनके वकील इनोश जॉर्ज कार्लो ने मीडिया विवाद के बाद केस से खुद को अलग कर लिया है।
गिरिबाला सिंह पर दहेज हत्या के आरोप लगे हैं और उनकी अग्रिम जमानत को लेकर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं।
CBI जांच की तैयारी में मध्य प्रदेश सरकार
मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने CBI जांच की सिफारिश करते हुए केंद्र सरकार को पत्र भेज दिया है। इससे पहले त्विषा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
अब सुप्रीम कोर्ट की निगरानी, दोबारा पोस्टमार्टम और संभावित CBI जांच के बाद इस हाई-प्रोफाइल केस में कई बड़े खुलासों की उम्मीद बढ़ गई है।