गाजियाबाद हत्याकांड: मामूली विवाद बना सूर्या की मौत की वजह; कैबिनेट मंत्री बोले- “आरोपियों को ऐसी सजा मिलेगी जो मिसाल बनेगी”

खोड़ा में छात्र की बेरहम हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव; मुख्य बाजार रहा बंद, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भारी पुलिस बल तैनात।

गाजियाबाद: खोड़ा थाना क्षेत्र में छात्र सूर्या की दिनदहाड़े हुई चाकू घोंपकर हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। शुरुआती जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, हत्या की जड़ में एक बाइक को लेकर हुआ पुराना विवाद था। घटना वाले दिन भी मुख्य आरोपी और सूर्या के बीच बहस हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने उसे कुर्बानी के बहाने एक स्थान पर बुलाया और वहां इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
घटनाक्रम: बुलाया था पार्टी के बहाने
पुलिस जांच के मुताबिक, सूर्या और आरोपी पहले से परिचित थे। ईद के मौके पर आरोपी ने सूर्या को कुर्बानी में शामिल होने के लिए बुलाया था। पहले तो सूर्या ने इंकार किया, लेकिन बाद में ईद की मुबारकबाद देने और पार्टी के बहाने वह आरोपी द्वारा बताई गई जगह पर पहुंच गया, जहां घात लगाए बैठे किशोर ने उसे मौत के घाट उतार दिया।
इलाके में पसरा सन्नाटा, बाजार रहे बंद
सूर्या की हत्या के बाद खोड़ा क्षेत्र में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है। शनिवार को किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिसके कारण लोगों में डर का माहौल रहा। खोड़ा के मुख्य बाजार की आधे से अधिक दुकानें दिन भर बंद रहीं। जिन व्यापारियों ने दुकानें खोलीं, उन्होंने भी सुरक्षा के मद्देनजर आधे शटर ही खोले रखे। गलियों में सन्नाटा पसरा रहा और लोग अपने घरों की छतों से स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।
सरकार का कड़ा रुख: कैबिनेट मंत्री ने दी चेतावनी
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, “सूर्या की हत्या अत्यंत हृदय विदारक है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन में ऐसी घटनाओं के लिए कोई स्थान नहीं है। आरोपियों को ऐसी सजा दी जाएगी, जो समाज के लिए एक कड़ा संदेश होगी और जिसकी कल्पना भी उन्होंने नहीं की होगी”।
जनप्रतिनिधि की अनुपस्थिति पर फूटा गुस्सा
इस दुखद घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, राष्ट्रीय हनुमान दल, हिंदू रक्षा दल समेत कई संगठनों के पदाधिकारी और भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा पीड़ित परिवार के साथ सड़क पर बैठे रहे और न्याय की मांग की। हालांकि, इस दौरान खोड़ा नगरपालिका की चेयरमैन मोहिनी शर्मा के पीड़ित परिवार से मिलने न पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने गहरा रोष व्यक्त किया और इसे लेकर तीखे तंज कसे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *