Twisha Sharma Case: दूसरे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू, आरोपी समर्थ सिंह 7 दिन की पुलिस रिमांड पर

त्विषा केस में बड़ा एक्शन

दूसरे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू
रविवार सुबह भोपाल AIIMS में त्विषा शर्मा के दूसरे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हो गई। दिल्ली AIIMS की विशेष फॉरेंसिक टीम, जांच दल और परिवार के सदस्य मर्चुरी पहुंच गए। तय प्रक्रिया के तहत सबसे पहले शव की पहचान कराई गई, जिसके बाद मेडिकल बोर्ड ने जांच शुरू की।
एम्स परिसर और मर्चुरी के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बैरिकेडिंग कर आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है। पूरी प्रक्रिया वीडियोग्राफी और तय फॉरेंसिक प्रोटोकॉल के साथ कराई जा रही है।
चार वरिष्ठ डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड
हाईकोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली AIIMS के डायरेक्टर की निगरानी में चार वरिष्ठ डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड बनाया गया है। टीम का नेतृत्व फॉरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि जांच वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है ताकि मौत के कारणों को लेकर उठ रहे सभी सवालों के स्पष्ट जवाब सामने आ सकें।
परिवार लगातार कर रहा था मांग
त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा शुरुआत से ही मामले की निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग कर रहे थे। परिवार का आरोप है कि पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई सवाल अनुत्तरित रह गए थे। इसी आधार पर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी।
आरोपी समर्थ सिंह 7 दिन की रिमांड पर
इसी बीच भोपाल जिला अदालत ने आरोपी पति समर्थ सिंह को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने अदालत में कहा कि मामले में विस्तृत पूछताछ, स्पॉट वेरिफिकेशन और अन्य साक्ष्यों की जांच जरूरी है।
समर्थ सिंह को जबलपुर से हिरासत में लेकर भोपाल लाया गया था। कोर्ट ने त्विषा के परिजनों की मांग पर समर्थ सिंह का पासपोर्ट जब्त करने के भी आदेश दिए हैं।
पुलिस करेगी गहन पूछताछ
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के मुताबिक आरोपी से अब विस्तार से पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि कई महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच अभी बाकी है और रिमांड के दौरान पूरे घटनाक्रम को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी।