Twisha Sharma Case: दूसरा पोस्टमार्टम पूरा, सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर टिकी देश की नजर
भोपाल की चर्चित मॉडल और अभिनेत्री त्विषा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में रविवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। दिल्ली AIIMS की विशेष फॉरेंसिक टीम ने भोपाल पहुंचकर दूसरा पोस्टमार्टम किया और बाद में घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। पूरी प्रक्रिया वैज्ञानिक प्रोटोकॉल और वीडियोग्राफी के साथ कराई गई।
जानकारी के अनुसार भोपाल AIIMS में दूसरा पोस्टमार्टम करीब तीन घंटे तक चला। मेडिकल बोर्ड की निगरानी में दिल्ली AIIMS के वरिष्ठ डॉक्टरों ने पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया। पोस्टमार्टम के दौरान जुटाए गए सैंपल और विसरा सुरक्षित रखे गए हैं। माना जा रहा है कि मेडिकल बोर्ड अपनी रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में अदालत को सौंप सकता है।
पोस्टमार्टम शुरू होने से पहले त्विषा के भाई और भाभी ने शव की पहचान की। इसके बाद मेडिकल टीम ने तय फॉरेंसिक प्रक्रिया के अनुसार जांच शुरू की। जांच के दौरान पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
पोस्टमार्टम के बाद दिल्ली AIIMS की टीम भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर पहुंची, जहां 12 मई को त्विषा शर्मा का शव मिला था। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच की।
गौरतलब है कि 31 वर्षीय त्विषा शर्मा 12 मई को अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं। मृतका के परिवार ने दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। वहीं ससुराल पक्ष ने अलग दावा किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट के आदेश पर दूसरा पोस्टमार्टम कराया गया।
इस केस में आरोपी पति और अधिवक्ता समर्थ सिंह फिलहाल पुलिस रिमांड में है। पुलिस उससे मोबाइल चैट, पारिवारिक विवाद और घटना से जुड़े कई पहलुओं पर पूछताछ कर रही है। समर्थ सिंह को कुछ दिन पहले जबलपुर से गिरफ्तार किया गया था।
मामले को लेकर अब सुप्रीम कोर्ट और जबलपुर हाईकोर्ट में भी महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है। सुप्रीम कोर्ट पहले ही इस मामले का स्वतः संज्ञान ले चुका है। वहीं हाईकोर्ट में गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत निरस्तीकरण याचिका पर सुनवाई प्रस्तावित है।
माना जा रहा है कि दिल्ली AIIMS की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और भोपाल पुलिस की स्टेटस रिपोर्ट अदालत में पेश की जा सकती है। पूरे प्रदेश की नजर अब इस हाई-प्रोफाइल केस की अगली कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

